नागपुर। कोतवाली पुलिस ने एमडी ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 142 ग्राम एमडी पाउडर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। बीती रात करीब 10.30 बजे के बीच कोतवाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महल स्थित सोनिया गांधी झोपड़पट्टी परिसर में एक घर में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रियंका फैब्रिकेशन के पीछे स्थित घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर के किचन में दीवार पर टंगी एक थैली से जिपलॉक पाउच में रखी 142 ग्राम एमडी पाउडर बरामद की गई। पुलिस ने मौके से 20 वर्षीय अभिषेक विजय राजपूत और उसके पिता 58 वर्षीय विजय रामसुमेरसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद एमडी ड्रग्स अनिकेत गोपालसिंह राजपूत नामक व्यक्ति की है, जिसने बिक्री के उद्देश्य से यह मादक पदार्थ उनके घर में रखा था। पुलिस ने मामले में अनिकेत राजपूत को फरार आरोपी घोषित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (उत्तर) विनीता साहू, पुलिस उपायुक्त राहुल मदने तथा सहायक पुलिस आयुक्त अनिता मोरे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रशांत जुमडे एवं उनकी टीम ने अंजाम दी।












