नागपुर। क्राइम ब्रांच की एनडीपीएस टीम ने गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है। कार्रवाई के दौरान 16 ग्राम एमडी ड्रग्स, घातक हथियार और लाखों रुपये के संदिग्ध चोरी के जेवर सहित 16 लाख 13 हजार 740 रुपये का माल बरामद किया। बुधवार तड़के ऑपरेशन थंडर के तहत गश्त कर रही क्राइम ब्रांच की एनडीपीएस टीम को विश्वासनगर स्थित दाऊद पान सेंटर के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आकाश राजू हातागडे (37), योगेश राजू सिरिया (30) और आकाश गजानन टाले (30) को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी आकाश हातागडे की कमर से जिपलॉक पन्नी में 16 ग्राम एमडी मेफेड्रोन पाउडर (कीमत 1.60 लाख रुपये) बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के घर की तलाशी में गद्दे के नीचे से लोहे का सत्तूर और एक तलवार बरामद की गई। साथ ही, अलमारी से 88 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत 12.34 लाख रुपये) और 876 ग्राम चांदी के आभूषण (कीमत 2.17 लाख रुपये) मिले। पुलिस पूछताछ में आरोपी आकाश हातागडे ने बताया कि एमडी ड्रग्स उसने आरोपी योगेश सिरिया से खरीदी थी, जिसे वह आगे आरोपी आकाश टाले को बेचने वाला था। वहीं योगेश ने यह ड्रग्स फरार आरोपी आकाश कटारिया उर्फ अक्कू से प्राप्त की थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आकाश कटारिया उर्फ अक्कू एक कुख्यात शराब और ड्रग्स तस्कर है, जिसके खिलाफ पहले से 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आकाश हातागडे पर हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। योगेश सिरिया पर 2 आपराधिक मामले पहले से दर्ज जबकि आकाश टाले पर भी आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत गिट्टीखदान पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी आकाश कटारिया उर्फ अक्कू की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।












