लोकवाहिनी, संवाददातानई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। उद्योग सूत्रों के अनुसार, ईंधन के दाम बढ़ने के बाद नयी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई जो पहले 97.77 रुपये प्रति लीटर थी। वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये हो गई। बीते शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार साल से अधिक समय में पहली बार तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।
अमेरिका और इजराइल के 28 फरवरी को ईरान पर किए गए हमले और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बाद वैश्विक तेल की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य के बाधित होने से वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। इस वृद्धि के बावजूद, खुदरा ईंधन की दरों को स्थिर रखा गया था। सरकार का कहना है कि यह कदम उपभोक्ताओं को बढ़ती वैश्विक ऊर्जा लागत से बचाने के लिए उठाया गया। हालांकि विपक्षी दलों ने कहा कि सरकार ने राजनीतिक मकसद से दाम नहीं बढ़ाए क्योंकि कई महत्वपूर्ण राज्यों में चुनाव हो रहे थे।
बीते शुक्रवार को तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि चुनावों के बाद और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल सहित पांच में से तीन राज्यों में जीत हासिल करने के बाद हुई। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद ईंधन खुदरा विक्रेताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने सोमवार को कहा था कि 15 मई को हुई बढ़ोतरी से नुकसान में लगभग एक चौथाई की कमी आई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां अब भी प्रतिदिन लगभग 750 करोड़ रुपये का नुकसान झेल रही हैं। विभिन्न राज्यों में मूल्य वर्धित कर (वैट) में अंतर के कारण ईंधन की कीमतें अलग-अलग हैं। इस वृद्धि के बाद मुंबई में पेट्रोल की कीमत 107.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 94.08 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 109.70 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 96.07 रुपये प्रति लीटर है।











