गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर भीषण हादसा
लोकवाहिनी, संवाददाता
गोंदिया। गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा-मोहरानटोली में ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर होने से भीषण हादसा हुआ। इस हादसे में पिकअप में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। हादसे में शामिल सभी लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के निवासी हैं। मजदूरी के काम के सिलसिले में हैदराबाद जा रहे मजदूरों के पिकअप वाहन को नागरा-मोहरानटोली इलाके में तड़के के समय भीषण हादसा हुआ।
गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दुर्घटना में आरुष मात्रे, किरण संतोष वैद्य, संतोष मात्रे, सुशीला मात्रे, रूपसेन सत्यकर और ज्योति सत्यकर की मौत हुई है। बताया गया है कि सभी मृतक मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के विभिन्न इलाकों के निवासी थे। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक और गोंदिया ग्रामीण पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए गोंदिया के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है। इस बीच, ये सभी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के निवासी हैं और रोजगार के काम के लिए हैदराबाद जा रहे थे, ऐसी प्राथमिक जानकारी है। हादसे की रिपोर्ट गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू है। भूमेश्वर मात्रे, संगीता मात्रे, राजेंद्र पंचाले, लक्ष्मी पंचाले, संतोष वैद्य, राकेश बाहे और चालक संदीप बाहे घायल हुए हैं और उनका गोंदिया के केटीएस जिला सामान्य अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। ग्रामीण पुलिस के पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में इस मामले की रिपोर्ट गोंदिया ग्रामीण पुलिस थाने में दर्ज की गई है और आगे की जांच की जा रही है।











