अहमदाबाद। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते द्वारा जैश-ए-मोहम्मद से प्रेरित पांच नए आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों की गिरफ्तारी राज्य के अलग-अलग जिलों से की गई है। इससे पहले भी इसी मॉड्यूल से जुड़े 8 आतंकियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कड़ीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन करदिया के रूप में हुई है। इन्हें पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका के खडियाल गांव से पकड़ा गया है।
गुजरात एटीएस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य थे और वो पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के साथ मिलकर विस्फोटक उपकरणों का परीक्षण करने में शामिल थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह आतंकी देश में बड़े पैमाने पर सिलसिलेवार धमाकों की साजिश रच रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किए गए जैश-ए-मोहम्मद के 8 सदस्यों से पूछताछ के दौरान इन 5 लोगों के नाम सामने आए थे जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपियों को मेहसाणा जिले के कड़ी कस्बे में न्यायिक मजिस्ट्रेट आर.एम. भाटिया की कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 24 जुलाई तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया गया।














