बेंगलुरु : इसरो ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में रॉकेट के संशोधित तीसरे चरण का ग्राउंड स्टेटिक टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया
बेंगलुरु : इसरो ने अपने सबसे भरोसेमंद रॉकेट ‘पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल’ की विश्वसनीयता को फिर से स्थापित करने की दिशा में एक बड़ी और निर्णायक सफलता हासिल की है. इसरो ने गुरुवार को जानकारी दी कि श्री हरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में रॉकेट के संशोधित तीसरे चरण का ग्राउंड स्टेटिक टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. यह सफल परीक्षण पीएसएलवी के लगातार दो मिशनों में आई तकनीकी खामियों के बाद किया गया है, जिनमें रॉकेट के तीसरे चरण में समस्या के कारण मिशन असफल हो गए थे. इसरो ने बताया कि सिस्टम को पहले से अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए इसके डिजाइन मार्जिन, कच्चे माल की गुणवत्ता, असेंबली प्रक्रिया और जांच मानकों की गहन समीक्षा की गई थी.

















