किश्तवाड़ के जंगल में मिले शव, गोलियों से छलनी थे शरीर; हथियार भी गायब, सेना के साथ जंगल में सर्च ऑपरेशन पर गए थे
लोकवाहिनी, संवाददाता
किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बुधवार को लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के शव दच्छन इलाके से बरामद किए गए हैं. अपहरण और हत्या में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है. दोनों एसपीओ के शवों के पास से उनके हथियार बरामद नहीं हुए हैं. किश्तवाड़ जिले के ऊपरी इलाकों और घने जंगलों वाले दुर्गम क्षेत्रों में तलाशी और घेराबंदी अभियान तेज कर दिया गया है. सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) और केंद्रीय बलों की टीमें अभियान में जुटी हैं. बुधवार को किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके के ऊंचे पहाड़ी और जंगली क्षेत्रों से दोनों पुलिस अधिकारी लापता हो गए थे. उनकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया था. अधिकारियों ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए जंगलों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन तथा खोजी कुत्तों से लैस विशेष टीमों को तैनात किया था. गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान दच्छन के जंगलों से दोनों एसपीओ के शव बरामद किए गए.
सूत्रों के मुताबिक, शव उस स्थान से करीब दो किलोमीटर दूर मिले, जहां से वे लापता हुए थे. दोनों के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं. किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने इस घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने बताया कि एक शव सुबह आठ बजे और दूसरा सुबह नौ बजे मिला. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी नापाक साजिशनों से बाज नहीं आ रहा है. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है. दच्छन के कि यार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप में तैनात बाबी चंद और रशपाल कुमार बुधवार को लापता हो गए थे. बाबी चंद की उम्र 57 वर्ष और रशपाल कुमार की उम्र 45 वर्ष थी. जानकारी के मुताबिक, दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जाते समय लापता हुए थे. उस दौरान उनके मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा था. बाद में दोनों के फोन स्विच ऑफ पाए गए. जम्मू-कश्मीर का किश्तवाड़ आतंकवाद विरोधी अभियानों का प्रमुख केंद्र रहा है. यहां लगातार चलाए गए अभियानों में कई सक्रिय आतंकवादी मारे गए हैं. आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं में कुल पांच लोग मारे गए, जिनमें चार आतंकवादी और एक जवान शामिल था.
कैंप पर हमले की जिम्मेदारी पसंदरान-ए-हुर्रियत ने ली
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ के अखरान कैंप पर हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन पसंदरान-ए-हुर्रियत ने ली है. आतंकी संगठन ने हिदूवादी सरकारों और आरएसएस पर भी हमले की चेतावनी दी है. कुलगाम में 11 नवंबर को हुए हमले में 3 जवान घायल हो गए थे. वीडियो में हमलावर 15 सेकंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आए थे. किश्तवाड़ में अपहरण और हत्या की वारदात में शामिल आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान जारी है. बारामुला के जंगल में मिले दो हैंड ग्रेनेड, संदिग्ध गिरफ्तार सुरक्षाबलों ने गुरुवार को बारामुला जिले में तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए. पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. बारामुला पुलिस ने सेना के साथ मिलकर तंगमार्ग के बदरकोट जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान बदरकोट निवासी गुलाम जिलानी रेशी को पकड़ा गया. उसके पास से हैंड ग्रेनेड बरामद हुए. सुरक्षा एजेंसियां सतर्क संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी कुलगाम और किश्तवाड़ की घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है. हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ किसी नई सैन्य कार्रवाई को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. विशेषज्ञों के बयान उनके अपने आकलन हैं. फिलहाल जांच और सुरक्षा अभियानों के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं.

















