मुंबई। महाराष्ट्र में हुए विधान परिषद चुनावों के नतीजे सोमवार को घोषित हुए। विधान परिषद चुनाव में महायुति को बड़ी सफलता मिली है। 17 सीटों में से 16 सीटों पर सत्ताधारी भाजपा, शिवसेना और एनसीपी (अजित गुट) ने कब्जा जमा लिया। एक सीट पर भाजपा के बागी को जीत मिली है। नतीजों में महायुति की बड़ी जीत हुई है। 6 सीटों पर पहले ही निर्विरोध प्रत्याशी चुने गए थे। नासिक सीट पर भाजपा के बागी ने एकनाथ शिंदे के उम्मीदवार का खेल बिगाड़ दिया। यहां नासिक में उनके कैंडिडेट नरेंद्र दरादे को निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गिते से हार का सामना करना पड़ा है। सोमवार को आए 11 सीटों के नतीजों में भाजपा के 9 विधायकों को जीत मिली है। जबकि परभणी-हिंगोली सीट पर शिवसेना को जीत मिली है। नासिक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली है। जो भाजपा से बगावत करके चुनाव लड़े थे। ऐसे में उनका अगला कदम क्या होगा इस पर भी सबकी नजरें रहेगी। भाजपा के लिए यह चुनाव अहम रहे हैं। विधान परिषद में पार्टी के एमएलसी की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
नाशिक में बागी ने बिगाड़ा शिंदे का खेल
नाशिक में शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के उम्मीदवार नरेंद्र दरादे को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें गोकुल गिते ने हराया है। खास बात यह है कि गोकुल बीजेपी के नेता हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। जिसके चलते उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें जीत मिली है। चुनाव से पहले शिवसेना और भाजपा ने यहां अपने नगर सेवकों को एकजुट रखने के लिए उन्हें ठाणे के एक होटल में भी ठहराया था। क्योंकि चुनाव में खरीद-फरोख्त का डर था लेकिन भाजपा और शिवसेना की यह रणनीति नासिक में काम नहीं आई और निर्दलीय गोकुल गिते ने भाजपा शिवसेना के उम्मीदवार को हरा दिया है।
निर्विरोध और विजयी उम्मीदवारों की पूरी तस्वीर
निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों में शिवसेना से रविंद्र फाटक (ठाणे) और दुष्यंत चतुर्वेदी (यवतमाल), एनसीपी से अनिकेत तटकरे (रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग) और विक्रम काकड़े (पुणे), और भाजपा से अरुण लखानी (वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली) और प्राजक्त तनपुरे (अहिल्यानगर) शामिल थे। भाजपा के विजयी उम्मीदवारों में सुहास शिरसट (छत्रपति संभाजीनगर-जालना), अविनाश ब्राह्मणकर (भंडारा-गोंदिया), धैर्यशील कदम (सांगली-सतारा), राजेंद्र राऊत (सोलापुर), बसवराज पाटिल (धाराशिव-लातूर-बीड), राजीव पोतदार (नागपुर), नंदकिशोर महाजन (जलगांव), प्रवीण पोटे (अमरावती) और अमर राजुरकर (नांदेड़) शामिल हैं। शिवसेना के सैयद खान ने परभणी-हिंगोली निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।
इन सीटों पर जीती (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी)
नांदेड़: भाजपा के अमरनाथ राजुरकर जीते, कांग्रेस के रामदास पाटिल हारे
नागपुर (उपचुनाव): भाजपा के डॉ राजीव पोतदार जीते, कांग्रेस के अतुल लोंढे हारे
भंडारा-गोंदिया: भाजपा के अविनाश ब्राह्मणकर जीते, कांग्रेस समर्थित के नरेश ईश्वरकर हारे
छत्रपति संभाजीनगर-जालना: भाजपा के सुहास शिरसाट जीते, गणेश लोखंडे (शिवसेना उद्धव गुट) हारे
परभणी-हिंगोली: शिवसेना के सैयद खान जीते, डॉ. विवेक नावंदर (शिवसेना उद्धव गुट) हारे
जलगांव: भाजपा के नंदकिशोर महाजन जीते, शरद तायडे (शिवसेना उद्धव गुट) हारे
सांगली-सतारा: भाजपा के धैर्यशील कदम जीते, अभयसिंह जगताप (एनसीपी शरद पवार गुट) हारे
सोलापुर: भाजपा के राजेंद्र राऊत जीते, वसंतराव देशमुख (शरद पवार गुट) हारे
धाराशिव-लातूर-बीड: भाजपा के बसवराज पाटिल जीते, कांग्रेस के महेश देशमुख हारे
अमरावती: भाजपा के प्रवीण पोटे जीते, कांग्रेस के हर्षदीप देशमुख हारे













