नागपुर। मेडिकल अस्पताल के वार्ड क्रमांक 10 से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हुए मकोका के आरोपी बोमट्या उर्फ शेख समीर शेख रहीम (24) को नवीन कामठी पुलिस ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार आरोपी को मकोका के एक मामले में उपचार के लिए जेल से मेडिकल अस्पताल के वार्ड क्रमांक 10 में भर्ती कराया गया था। 19 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9.30 से 10.30 बजे के बीच वार्ड में सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मचारियों ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों से कुछ समय के लिए वार्ड के बाहर खड़े रहने को कहा।
इसी दौरान आरोपी वॉॉशरूम की बिना ग्रिल वाली खिड़की से निकलकर पुलिस की निगरानी से फरार हो गया। घटना के बाद अजनी पुलिस थाने में पुलिसकर्मी अब्दुल सोहेल निसार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की तलाश के लिए नागपुर शहर पुलिस की विभिन्न टीमें गठित की गई थीं। इसी दौरान नवीन कामठी पुलिस को मिली सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी को दुर्ग, छत्तीसगढ़ से हिरासत में लिया। बाद में उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अजनी पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त नबिनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त विनीता साहू, पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त अंकुश खेडकर के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश आंधले, पुलिस उपनिरीक्षक योगेश नाल्टे तथा विवेक, आशिष और तुषार ने की।














