लोकवाहिनी संवाददाता:बुलढाणा। महाराष्ट्र के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों श्रीक्षेत्र शेगांव और शिर्डी में आधुनिक ‘फूड स्ट्रीट हब’ विकसित किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यह योजना केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के संयुक्त प्रयास से देशभर के 100 महत्वपूर्ण स्थानों पर लागू की जा रही है। योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क किनारे मिलने वाले खाद्य पदार्थों से होने वाली बीमारियों और फूड पॉइजनिंग की घटनाओं को रोकना है। इसके लिए खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव और स्वच्छता के विशेष मानक लागू किए जाएंगे। योजना के तहत शेगांव और शिर्डी में आधुनिक, स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक फूड स्ट्रीट तैयार किए जाएंगे। शेगांव में संत गजानन महाराज के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं तथा शिर्डी में साईं बाबा के भक्तों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध होगा। इसके साथ ही स्थानीय छोटे व्यापारियों और खाद्य विक्रेताओं को भी रोजगार और व्यवसाय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े शेगांव और शिर्डी जैसे धार्मिक स्थलों पर ‘फूड स्ट्रीट हब’ बनने से भक्तों को बेहतर सुविधाएं बनेंगे।
हैं कई फायदे
इस योजना के अंतर्गत विदर्भ की पंढरी के रूप में प्रसिद्ध संत नगरी शेगांव में करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक, स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक फूड स्ट्रीट विकसित की जाएगी। इसी तरह साईं बाबा की नगरी शिर्डी में भी फूड स्ट्रीट हब बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के इन दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर फूड स्ट्रीट हब विकसित करने को मंजूरी दी है। इससे शेगांव में संत गजानन महाराज के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और शिर्डी में साईं बाबा के भक्तों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन की सुविधा मिलेगी। साथ ही छोटे व्यापारियों और स्थानीय खाद्य विक्रेताओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। महाराष्ट्र के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े शेगांव और शिर्डी में फूड स्ट्रीट हब को मंजूरी मिलने पर केंद्रीय आयुष, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।













