लोकवाहिनी, संवाददाता,पुरुलिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है, जिससे पश्चिम बंगाल की भाषा और संस्कृति बदल रही है। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार को आदिवासी विरोधी बताते हुए उस पर ‘महाजंगलराज’ कायम करने का आरोप लगाया।
पुरुलिया में सत्तारूढ़ दल पर तीखा हमला बोलते हुए मोदी ने जंगलमहल में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव अभियान को विकास बनाम तुष्टीकरण की लड़ाई के रूप में पेश करने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल ने आदिवासियों की अनदेखी की, उनकी जमीनों पर कब्जा किया और इस क्षेत्र को भ्रष्टाचार, भय व पिछड़ेपन के चक्र में धकेल दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा, घुसपैठ के कारण बंगाल की भाषा और संस्कृति में बदलाव देखा जा रहा है। साल 2026 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अस्मिता और जनसांख्यिकीय मुद्दों पर अपना रुख और तेज कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार के तहत संथाली भाषा और आदिवासी अस्मिता का अपमान हो रहा है, जबकि मदरसा शिक्षा के लिए ‘रिकॉर्ड’ बजट आवंटित किया जा रहा है। मोदी ने कहा, संथाली भाषा का अपमान किया जा रहा है।








