लोकवाहिनी, संवाददाता:विरुधुनगर। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 18 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, इस फैक्ट्री का मालिकाना हक गोविंदनाल्लुर निवासी मुथु मानिकम के पास है और यह एक वैध आरडीओ (RDO) लाइसेंस के तहत संचालित हो रही थी।
फैक्ट्री परिसर में 30 से अधिक कमरे बने हुए हैं और यहाँ 50 से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं। रविवार को जब लगभग 30 कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे, तभी अचानक एक जोरदार विस्फोट हुआ। इस धमाके से फैक्ट्री के कम से कम चार कमरों को भारी नुकसान पहुँचा और देखते ही देखते वहाँ अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे से अधिक समय तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा लिया गया, लेकिन तब तक नुकसान काफी गंभीर हो चुका था। हादसे के समय फैक्ट्री में 30 से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें से कई मलबे के नीचे दब गए। बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में फँसे लोगों को निकालने की कोशिश देर रात तक जारी थी। अब तक लगभग 18 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।









