लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई-मुंबई में भीड़भाड़ कम करने के लिए महाराष्ट्र सरकार तेज़ी से कदम उठा रही है। अब मुंबई में अंडरग्राउंड रोड बनाने की योजना पर काम शुरू होने जा रहा है, जिसे देवेन्द्र फडणवीस ने ‘पाताल लोक’ नाम दिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने आईएमयूएन के युवा कनेक्ट सत्र में शासन में युवाओं की भागीदारी पर बात करते हुए कहा कि सरकार मुंबई में एक सुरंग नेटवर्क बनाने की योजना पर काम कर रही है, ताकि शहर भर में भीड़भाड़ कम की जा सके। इसके साथ ही, एक व्यापक मेट्रो नेटवर्क भी विकसित किया जा रहा है।
चाहे वह भूमिगत मेट्रो हो या एलिवेटेड, राज्य का लक्ष्य हर साल 50 किलोमीटर मेट्रो का निर्माण पूरा करना है। देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि जो हुआ है, वह सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। अगले 5-7 सालों में मुंबई पूरी तरह से बदलने वाली है। जब अटल सेतु और कोस्टल रोड की बातें होती थीं, तो लोग मज़ाक उड़ाते थे, लेकिन वह सारी चीज़ें अब हकीकत बन चुकी हैं। मुंबई में कनेक्टिविटी हर लिहाज़ से सुधारने को ज़रूरी होगी। अभी मुंबई की एवरेज स्पीड 20 किलोमीटर प्रति घंटा है, लेकिन हम ऐसी लिंक तैयार कर रहे हैं जिनकी स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा से कम नहीं। होगी। मुंबई डीकंजेस्ट होगी। अब सुरंगों का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले चार वर्षों में, मुंबई में 100 फीसदी मेट्रो कनेक्टिविटी हासिल होने की उम्मीद है, जिससे लोग सार्वजनिक परिवहन के जरिए शहर में कहीं भी यात्रा कर सकेंगे।











