नागपुर के श्रीकृष्णराम झोपड़पट्टी इलाके में एक मामूली विवाद के बाद हुए खूनी हमले में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रात करीब दो बजे सूचना मिली थी कि भरत फर्नीचर इलाके में एक युवक के साथ मारपीट की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत उपचार के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शुभम राजेंद्र बेस्ने निवासी श्रीकृष्णराम झोपड़पट्टी, नागपुर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि शुभम अपने मित्र अतुल के साथ देर रात सिगरेट पीने के लिए बाहर गया था। इसी दौरान अतुल का पैर झोडापे नामक युवक को लग गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी वहां से चले गए। कुछ समय बाद जब शुभम और अतुल घर लौट रहे थे, तभी झोडापे और उसके साथी फिर वहां पहुंचे और उन्होंने शुभम पर चाकू तथा लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में चार संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक विधि संघर्षग्रस्त बालक भी शामिल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जॉइंट सीपी, डीसीपी और क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है











