लंबित मांगों को लेकर परिचारिकाओं का काम बंद आंदोलन
“मांगें पूरी करो” — नर्सेस एसोसिएशन की प्रशासन को चेतावनी
अमरावती जिला सामान्य अस्पताल में महाराष्ट्र गवर्नमेंट नर्सेस एसोसिएशन की ओर से विभिन्न लंबित मांगों को लेकर काम बंद आंदोलन शुरू कर दिया गया है। इस आंदोलन के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। जिलेभर से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए इस अस्पताल में पहुंचते हैं, ऐसे में नर्सों की हड़ताल से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि अस्पताल में कार्यरत नर्सों को काम के दौरान कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन उनकी मांगों और परेशानियों की लगातार अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण कार्यभार लगातार बढ़ता जा रहा है।
आंदोलनकारी नर्सों ने मांग की है कि रात्रि ड्यूटी के दौरान नर्सों के साथ हुई आर्थिक और शारीरिक प्रताड़ना की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके अलावा जिला महिला अस्पताल की एक परिचारिका का निलंबन वापस लेने, रिक्त नर्स पदों को जल्द भरने और रात व दोपहर की शिफ्ट में वार्डों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति करने की भी मांग की गई है।
महाराष्ट्र गवर्नमेंट नर्सेस एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।











