कृषि विभाग की रेड में नकली बीज का भंडाफोड़
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। कुछ दिनों पहले वर्धा जिले के पुलगांव में छापा मारकर नकली बीजों का जखीरा जब्त किया गया था। उसकी स्याही अभी सूखी भी नहीं थी की उसी कंपनी द्वारा नागपुर में नकली बीज भेजा गया जिसकी भनक लगने पर 52 लाख का नकली बीज जब्त कर लिया गया। शहर में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकली बीज के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। लकड़गंज थाना क्षेत्र के वर्धमान नगर स्थित ऑक्ट्रॉय फ्रीजोन वेयर हाउसिंग के बाहर एक ट्रक से लाखों रुपये के नकली बीज बरामद किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, कृषि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अहमदाबाद से भारी मात्रा में नकली बीज नागपुर लाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर रीना डोंगरे और उनकी टीम ने गोदाम के बाहर निगरानी शुरू की। जैसे ही संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा और बीज की बोरियां उतारी जाने लगीं, अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर छापा मारा। जांच के दौरान ट्रक में रखी 58 बोरियों से करीब 2960 पैकेट नकली बीज बरामद किए गए।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये बीज अहमदाबाद की सुकून प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी द्वारा भेजे गए थे, जो महाराष्ट्र में रजिस्टर्ड भी नहीं है। इसके बावजूद चोरी-छिपे तरीके से नागपुर और अमरावती में सप्लाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान ट्रक समेत करीब 52 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। यह खेप जनप्रिय ट्रांसपोर्ट गुजरात के जरिए भेजी गई थी। मामले में विक्रम भाई चौधरी उर्फ विक्रम जाट सहित अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले पुलगांव में भी इसी कंपनी के नकली बीज पकड़े गए थे। वहीं से मिली जानकारी के आधार पर नागपुर में यह बड़ी कार्रवाई की गई। फिलहाल लकड़गंज पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बीज के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। कृषि विभाग और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि नकली बीज का कारोबार कई जिलों तक फैला हो सकता है।












