प्रमुख नेताओं ने मुख्यमंत्री फडणवीस से की मुलाकात
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। राज्य में राजनीतिक घटनाक्रम तेज हो गए हैं। अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने पहुंचे। वित्त मंत्रालय की मांग को लेकर सभी नेता मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद वर्षा निवास पर बैठक होने की जानकारी सामने आई है। इस बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इस मुलाकात की राजनीतिक गलियारों में जोरदार चर्चा हो रही है। सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कोर कमेटी की बैठक आज सुबह 9 बजे हुई। यह बैठक उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के सरकारी आवास देवगिरि में आयोजित की गई। करीब डेढ़ महीने बाद कोर कमेटी की यह बैठक हुई। बताया जा रहा है कि बैठक में पार्टी संगठन की समीक्षा की गई। इसके बाद पार्टी में होने वाले बदलावों को लेकर चर्चा हुई।
कहा जा रहा है कि इस दौरान बैठक में फिलहाल भाजपा के पास मौजूद वित्त मंत्रालय को लेकर भी चर्चा हुई। इस बैठक के बाद पार्टी के नेता मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात करने के लिए ‘वर्षा’ निवास पहुंचे। इस मुलाकात में सुनेत्रा पवार के साथ सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल और छगन भुजबल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद छगन भुजबल ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, सुनेत्रा पवार हमारी उपमुख्यमंत्री हैं। वित्त मंत्रालय हमें वापस मिलना चाहिए। यह मंत्रालय हमारा अधिकार है। इसे हमें वापस देने की बात कही गई थी। मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया है। अमित शाह ने मुख्यमंत्री को पूरी स्वतंत्रता दी है। इसलिए हमें उम्मीद है कि इस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। भुजबल ने आगे कहा, जब हम कांग्रेस के साथ थे, तब भी ऐसा होता था। अगर हमारा कोई एक मंत्रालय ले लिया जाता था, तो उसके बदले हमें दूसरा मंत्रालय दिया जाता था। हमें वित्त मंत्रालय चाहिए ही। हमें उम्मीद है कि शीतकालीन अधिवेशन से पहले हमें यह मंत्रालय मिल जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी अन्य मंत्रालय में फेरबदल नहीं होगा और दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। (पेज 6 पर)














