नए पुलिस आयुक्त के रूप में संभाला पदभार
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल ने सोमवार को नागपुर के नए पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया। उन्होंने निवर्तमान पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंघल से कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद नांगरे पाटिल ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना होगा। उन्होंने पहले शहर की परिस्थितियों और अपराध के स्वरूप का अध्ययन कर नई रणनीति तैयार करने की बात कही। अपनी सख्त कार्यशैली और अनुशासित पुलिसिंग के लिए पहचाने जाने वाले नांगरे पाटिल से शहरवासियों को बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद है।
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। मुख्यमंत्री द्वारा मुझ पर भरोसा जताया गया है। कानून लागू करते समय किसी भी प्रकार का दबाव या हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल ने सोमवार को नागपुर शहर के नए पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने अपराधियों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, पुलिस से सिर्फ अपराधियों को डरना चाहिए, आम नागरिकों को नहीं। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने नागपुर पुलिस के भविष्य के कामकाज और अपनी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
नांगरे पाटिल ने कहा कि नागपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करना, संगठित अपराध पर अंकुश लगाना, अवैध मादक पदार्थों के व्यापार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
मेरे IPS का S सेवा के लिए
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए नांगरे पाटिल ने कहा कि हमारे कंधों पर लगा आईपीएस का एस केवल जनता की सेवा के लिए है। इसलिए आम लोगों को पुलिस से डरने की कोई जरूरत नहीं है, बल्कि जनता को यह महसूस करना चाहिए कि पुलिस उनकी अपनी है। हालांकि, शहर में कानून को अपने हाथ में लेने वाले अपराधियों को पुलिस से डरना चाहिए।
ऑपरेशन थंडर पर विशेष जोर
उन्होंने यह भी कहा कि नागपुर शहर को नशामुक्त बनाने के लिए ऑपरेशन थंडर अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने समझाया, हमारा प्राथमिक कर्तव्य छात्रों और युवा पीढ़ी को नशे से बचाना है। साक्ष्य-आधारित पुलिसिंग को लागू करके अपराध की जड़ को तोड़ा जाएगा।
महिलाओं की सुरक्षा और समन्वय
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी मेरे परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई पुलिस पर हाथ उठाता है, तो उसे कानून के दायरे में उचित दंड दिया जाएगा।
प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस पर नागरिकों का विश्वास और मजबूत करने के लिए सेवा की भावना को बनाए रखते हुए पारदर्शी और जनहितैषी कार्य किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति को लेकर विवाद पर पहली बार टिप्पणी करते हुए नांगरे पाटिल ने कहा कि पिछले तीन दशकों से वे विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक और गैर सरकारी संगठनों के कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं। इन कार्यक्रमों में उन्होंने युवाओं को नशे की लत, समाज सेवा और पुलिस सेवा में करियर के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने दृढ़ता से कहा, मेरी निष्ठा केवल भारत के संविधान के प्रति है और मैं संविधान के दायरे में रहकर ही काम करूंगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी पर हमला करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का मनोबल बढ़ाकर, तकनीक का अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग करके और नागरिकों के साथ समन्वय बढ़ाकर नागपुर को सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।











