नागपुर। गिट्टीखदान क्षेत्र में सोमवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। कुख्यात अपराधी शेखू के भतीजे असद उर्फ अमन खान की फुटाला तालाब के पास चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी मयूर जाधव गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में एक बार फिर गैंगवार भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे असद, मयूर और उनके साथी फुटाला तालाब के पास भुट्टा खा रहे थे। इसी दौरान मयूर दोबारा भुट्टा लेने ठेले पर पहुंचा, जहां उसकी लाला पांडे और उसके साथी भूर्या से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाला ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने मयूर पर चाकू से हमला कर दिया। मयूर को बचाने पहुंचे असद उर्फ अमन खान पर भी ताबड़तोड़ चाकू से वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण असद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मयूर को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लाला पांडे और भूर्या मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।











