वाथोडा थाना क्षेत्र में खूनी वारदात | नाबालिग सहित 3 गिरफ्तार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। वाथोडा थाना क्षेत्र में दो महीने पहले हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए एक कुख्यात बदमाश की पत्थर से कुचलकर और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इस मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
मृतक की पहचान आदित्य उर्फ प्रतीक राजकरंडेकर (24), निवासी पारडी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में आवेज इकबाल शेख (18), निवासी देशपांडे ले-आउड, साकिब अब्दुल कलाम शेख (26), निवासी हिवरी नगर तथा एक नाबालिग शामिल है। पुलिस के अनुसार आवेज और साकिब के खिलाफ पहले से पॉक्सो सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात आदित्य अपने दो दोस्तों के साथ सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय के पीछे स्थित सीमेंट रोड किनारे बैठकर शराब पी रहा था। उसी दौरान आवेज और उसके साथी वहां गांजा पी रहे थे। आदित्य द्वारा उन्हें टोकने और गाली-गलौज करने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसी दौरान आदित्य के एक साथी ने आवेज पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। जवाब में आवेज ने आदित्य के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। आदित्य के गिरते ही साकिब और नाबालिग आरोपी ने उस पर पत्थरों और चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय के पीछे रक्तरंजित शव देखा और इसकी सूचना वाथोडा पुलिस को दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया तथा हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की समानांतर जांच कर रही क्राइम ब्रांच यूनिट-5 के पुलिस निरीक्षक विनायक गोले के नेतृत्व वाली टीम ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान तीन आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए वाथोडा पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक आदित्य राजकरंडेकर नवंबर 2025 में एचबी टाउन क्षेत्र में एक इंजीनियरिंग छात्र की हत्या के मामले में आरोपी था। वह लगभग दो महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस पूरे घटनाक्रम और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
युवक पर पत्थर से जानलेवा हमला
मानकापुर थाना क्षेत्र में शराब पीने के बाद हुए विवाद में एक युवक पर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना 6 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे मानकापुर चौक स्थित सोमरस देशी शराब दुकान के पास हुई। झंडा चौक निवासी पेशे से मिस्त्री अनिल पूरणलाल हठिले शराब पीने के लिए दुकान पहुंचे थे। वहीं उनकी मुलाकात परिचित शेख अरमान उर्फ मोनू खान शेख अयूब (27), निवासी ताजनगर गली नं. 11, मानकापुर से हुई। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद दुकान से बाहर निकलते ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी शेख अरमान ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जब अनिल ने आरोपी से उसकी मां के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं करने की बात कही, तो आरोपी भड़क गया। शेख अरमान ने पहले अनिल के साथ मारपीट की और फिर पत्थर उठाकर उनके दाहिने कान पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।











