प्रधानमंत्री से माफी की मांग पर रहेगा जोर
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कथित ‘ज्यादती’ को लेकर संसद में सरकार पर दबाव बनाए रखने के लिए इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से माफी की मांग करेगा। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने हालांकि यह भी कहा कि संसद में विपक्ष की रणनीति और प्रश्नपत्र लीक रोधी दो वर्ष पुराने कानून में संशोधन से संबंधित विधेयक पर उसका रुख सोमवार को होने वाली इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन की बैठक में तय किया जाएगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बर्बर हमले के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने यह भी पूछा कि छात्रों के खिलाफ पैलेट गन समेत घातक बल के इस्तेमाल को मंजूरी क्या शाह ने दी थी।
गांधी ने अपने पत्र में कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किसी भी लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और प्रदर्शनकारियों की रक्षा करना एवं बातचीत के माध्यम से उनकी शिकायतों का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, इस तरह की क्रूर हिंसा सभी मर्यादाओं को लांघ देती है और इससे पूरा देश आक्रोशित है। देश का भविष्य, युवा और छात्र जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। उनकी आवाज सुनी जाएगी।
कांग्रेस महासचिव एवं संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने पत्र साझा करते हुए कहा कि गांधी ने शाह से दो सवाल पूछे हैं। रमेश ने गांधी के सवालों का जिक्र करते हुए एक्स पर लिखा, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह से दो सीधे सवाल पूछे हैं।











