कांग्रेस उम्मीदवार की हार, भाजपा समर्थित उद्योगपति नाथवानी जीते, 12 राज्यों की 26 सीटों में से 19 एनडीए को
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। झारखंड में हुए राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनाव जीत गए। जबकि कांग्रेस कैंडिडेट प्रणव झा हार का सामना करना पड़ा। राज्यसभा की 2 सीटों के लिए चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी और झारखंड मुक्ति मोर्चिके उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने जीत दर्ज की। एक सीट पर जेएमएम की जीत तय थी। दूसरी सीट के लिए नाथवानी और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के बीच मुकाबला था।
क्रॉस वोटिंग की वजह से नाथवानी को 30 और झा को 20 वोट मिले। उधर, मिजोरम की एक सीट पर जेडपीएम प्रत्याशी के. ललतलुआंगकिमा जीते। परिमल नाथवानी का जीतना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इस चुनाव में इंडी ब्लॉक के विधायकों की ओर से क्रॉस वोटिंग की खबर आई है। हाल ही में 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर कार्यकाल पूरा होने के बाद चुनाव हुए। इनमें से 8 राज्यों की 21 सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध जीते, जबकि 2 राज्य (झारखंड और मिजोरम) की 3 सीटों पर उम्मीदवार ज्यादा होने की वजह से चुनाव हुए। वहीं, महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक- एक सीट पर उपचुनाव हुए, इनमें भी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
झारखंड के चुनाव अधिकारी ने बताया कि क्रॉस-वोटिंग के बीच एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने गुरुवार को झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों में से एक पर जीत हासिल की और कांग्रेस के प्रणव झा को हराया है। झारखंड में परिमल नाथवानी के समर्थन में हुए क्रॉस-वोटिंग की वजह से उन्हें जीत मिली है। उनके पक्ष में चार विपक्षी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। दूसरी सीट पर सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम चुने गए।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि नाथवानी को 28 वोट मिले, जिसके बाद उन्हें विजेता घोषित किया गया। प्रणव झा को 20 वोट मिले। वहीं इस चुनाव में बैद्यनाथ राम को 30 वोट मिले, जबकि तीन वोट अमान्य पाए गए। इन तीन वोटों में से एक कांग्रेस का है और 2 भाजपा के पाए गए हैं। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के पास राज्य में 24 विधायक हैं, जो संसद के उच्च सदन में सीट पक्की करने के लिए 81 सदस्यों वाली विधानसभा में ज़रूरी न्यूनतम 28 ‘पहली पसंद’ वाले वोटों से चार कम हैं। यानी कि परिमल नाथवानी को विपक्षी खेमे से पहली प्राथमिकता के चार वोट मिले। क्रॉस वोटिंग करने वाले ये 4 विधायक कौन हैं, इस पर राज्य की आगे की राजनीति निर्भर करेगी।












