ठाणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि सरकार राज्य के बाढ़ प्रभावित किसानों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी दिवाली को फीकी नहीं पड़ने देगी।
ठाणे में एक पार्टी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंदे ने कहा, “दिवाली का पर्व खुशी का है, लेकिन मराठवाड़ा में बाढ़ के कारण किसानों का दुख हमारी प्राथमिकता है। हमारी सरकार और कार्यकर्ता प्रभावित इलाकों में पहुंचे और किसानों की मदद के लिए तुरंत कदम उठाए।”
उन्होंने बताया कि शिवसेना कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे दशहरा रैली में शामिल होने के बजाय सीधे प्रभावित इलाकों में जाकर राहत कार्य करें। राहत कार्य के तहत प्रभावित किसानों को सहायता किट और वित्तीय मदद मुहैया कराई जा रही है। शिंदे ने कहा, “हमें गर्व है कि हमारे कार्यकर्ता संकट के समय किसानों के साथ खड़े रहे।”
शिंदे ने बाढ़ प्रभावित किसानों की मदद के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार द्वारा वित्तीय सहायता प्रक्रिया को भी तेज करने का उल्लेख किया।
साथ ही, उन्होंने राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर शिवसेना और मनसे के गठबंधन की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी। शिंदे ने कहा, “जो नेता अपने सिद्धांतों पर अडिग नहीं रहेंगे, उन्हें जनता नकार देगी। ठाणे की जनता तय कर देगी कि असली मालिक कौन है।”
उपमुख्यमंत्री ने अपने विरोधियों पर भी अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग राजनीतिक अवसरवादिता करते हैं या दिवंगत आनंद दिघे का अपमान करते हैं, उनकी चाल जनता के सामने बेनकाब हो जाएगी।
शिंदे का यह संदेश स्पष्ट है – सरकार किसानों की समृद्धि और सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएगी और बाढ़ जैसी आपदा में किसी भी किसान को अकेला नहीं छोड़ेगी।








