कंधा तक नसीब नहीं, सालों से अनसुलझे मामले
लोकवाहिनी, नीतेश ओझा:नागपुर। जिंदगी भर जिन लोगों को अपनों का साथ नहीं मिला, उनके जाने के बाद भी अक्सर उन्हें कंधा नसीब नहीं होता। ऐसे अनगिनत अज्ञात शव की फाइलें पुलिस विभाग में धूल खाते हुए पड़ी है। जिले में लगातार अज्ञात शव मिलने के मामलों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते वर्षों के दौरान दर्जनभर अज्ञात शवों के मामले दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश प्रकरणों में अब तक न तो मृतकों की पहचान हो सकी है और न ही उनकी मौत के कारणों का खुलासा हो पाया है। कुछ शव रेल पटरियों पर क्षतविक्षत हालत में मिले, तो कुछ सुनसान इलाकों में बरामद हुए। इन मामलों में पुलिस विभाग द्वारा अब तक सिर्फ औपचारिकताएं ही हुई हैं।
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अनसुलझे अधिकतर मामलों में मौत की वजह तक तय नहीं हो पाई है। रेल ट्रैक, सुनसान रास्तों और झुडपी में मिले शवों को लेकर कभी हादसे की, तो कभी आत्महत्या की आशंका जताई गई, लेकिन जांच में पुख्ता निष्कर्ष सामने नहीं आए। चिंताजनक बात यह है कि कुछ अज्ञात शवों के मामले चार से पांच साल पुराने हैं, फिर भी कोई ठोस सुराग नहीं मिला। न तो मृतकों की पहचान हो सकी और न ही परिजनों तक पुलिस पहुंच पाई।
3 मई को पुलिस विभाग द्वारा जारी पत्र विज्ञप्ति में शहर में पाए गए 13 शवों के शिनाख्त के लिए पुलिस विभाग ने गुहार लगायी है। जिसमें तहसील पुलिस थाना अंतर्गत 30.11.2025 को क्षेत्र में लगभग 35 वर्षीय एक अज्ञात पुरुष मृत पाया गया। पुलिस थाना तहसील अंतर्गत 15.12.2025 को पुलिस थाना तहसील की सीमा में, लगभग 50 से 55 वर्ष की आयु के एक अज्ञात पुरुष का शव अत्यंत दुर्दृम्य अवस्था में पाया गया। धंतोली पुलिस स्टेशन अंतर्गत 07.10.2025 को धंतोली पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत सरस्वती नगर, धंतोली के पास रेलवे ट्रैक के नीचे लगभग 50 वर्ष आयु के एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। बजाज नगर पुलिस स्टेशन अंतर्गत 18.02.2026 को लगभग 55 वर्ष की आयु के एक अज्ञात पुरुष का शव बजाज नगर पुलिस स्टेशन, सुरेंद्र नगर, दनागर के पास नासा ग्राउंड में पाया गया। पुलिस स्टेशन बेलतरोड़ी अंतर्गत 04.03.2026 को, पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर खापरी मेट्रो स्टेशन के पास रेलवे अप-लाइन पर एक ट्रेन की चपेट में आने से 30 से 35 वर्ष की आयु के एक अज्ञात पुरुष का शव मिला।
नई कामठी पुलिस स्टेशन अंतर्गत 11.03.2026 को पुलिस स्टेशन की सीमा में नागपुर रिंग रोड, खैरी पर एक खुले स्थान पर 35 से 40 वर्ष की आयु के एक अज्ञात पुरुष का शव मिला। तहसील पुलिस अंतर्गत 04.04.2026 को मानकापुर पुलिस स्टेशन की सीमा में लगभग 30 वर्ष का एक अज्ञात पुरुष झाड़ियों में मृत अवस्था में पाया गया। इमामबाड़ा पुलिस स्टेशन अंतर्गत 15.01.2026 को इमामबाड़ा पुलिस स्टेशन की सीमा में लगभग 50 वर्ष की आयु का एक अज्ञात व्यक्ति का शव एम.एस.ई.बी. की चारदीवारी के पास अत्यंत दयनीय स्थिति में पाया गया। कपिलनगर पुलिस स्टेशन अंतर्गत 22.03.2026 को कपिलनगर पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर लगभग 40 वर्ष की आयु के एक अज्ञात पुरुष का शव कामगार नगर चौक फुटपाथ पर मिला। सीताबर्डी पुलिस स्टेशन अंतर्गत 21.02.2026 को सीताबर्डी पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के सामने फुटपाथ पर 55 से 60 वर्ष की आयु का एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा हुआ पाया गया।
पुलिस स्टेशन एमआईडीसी अंतर्गत 13.01.2026 को अज्ञात पुरुष आयु लगभग 50 वर्ष मेट्रो स्तंभ संख्या 12, विभाजक के बगल में मृत पाया गया। पुरानी कामठी पुलिस स्टेशन अंतर्गत 15.04.2026 को जयस्तंभ चौक के नजदीक शहीद स्मारक की भीतरी दीवार के पास लगभग 50 वर्ष आयु के एक अज्ञात पुरुष का शव मिला। इमामबाड़ा पुलिस स्टेशन अंतर्गत 24.04.2026 को लगभग 35 वर्ष आयु का एक अज्ञात पुरुष का शव रामबाण लेआउट के प्लॉट नंबर 75 की चारदीवारी के सामने सड़क पर पड़ा हुआ पाया गया। जिन अज्ञात शवों की पहचान नहीं हो सकी, वे आज भी पुलिस के रिकॉर्ड में केवल एक केस नंबर बनकर रह गए हैं। पुलिस इन रहस्यमयी मौतों की गुत्थियों को सुलझाने में अब तक नाकाम हैं और केस की फाइलें धूल ही खा रही हैं। जबकि पुलिस को अज्ञात शवों के मामलों को गंभीरता से लेकर विशेष टीम गठित करनी चाहिए, ताकि लंबित मामलों की गुत्थी सुलझ सके।









