28 से 30 मई के बीच भीषण तूफान की संभावना
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। नवतपा के पहले ही दिन विदर्भ के 7 जिले 46 डिग्री का तापमान पार कर चुके हैं। आनेवाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है। 25 मई को नागपुर का तापमान 46.5 रहा। एक बार फिर नागपुर का पारा 47 डिग्री की ओर बढ़ रहा है। भंडारा 46.4, ब्रह्मपुरी 47.6, चंद्रपुर 46, गढ़चिरोली 46.4, गोंदिया 46.1, वर्धा 46 डिग्री तापमान रहा। बढ़ते तापमान से विदर्भवासी का जीना मुहाल हो गया है। दिनभर तपन रहने के बाद रात में भी न्यूनतम तापमान की दाहकता समाप्त नहीं हो रही है।
नवतपा का अर्थ है ग्रीष्म ऋतु के नौ सबसे गर्म दिन। इस वर्ष यह 25 जून से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा। नवतपा के दौरान सूर्य पृथ्वी के बहुत करीब होता है। इसी कारण तीव्र धूप और गर्म हवाएं अपने चरम पर पहुंच जाती हैं। उत्तर और पश्चिम भारत में इस दौरान अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, साथ ही 28 से 30 मई तक इस क्षेत्र में भीषण तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं, महाराष्ट्र और विशेष रूप से विदर्भ में 25 से 30 मई तक लू चलने का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने विदर्भ के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मानसून दस्तक दे चुका है, फिर भी राज्य के कई हिस्सों में तापमान में भारी वृद्धि हुई है। 25 मई से नवतपा शुरू होने और भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के मद्देनजर, इस वर्ष का नवतपा बेहद गर्म रहने के संकेत मिल रहे हैं।
उष्माघात की बलि चढ़े 5 अज्ञात
नवतपा के पहले 24-25 मई को उष्माघात से 5 अज्ञात लोगों की बलि चढ़ गई। सड़क पर लू लगने से मरनेवालों की संख्या दिनोदिन बढ़ते जा रही है फिर भी प्रशासन द्वारा कोई कारगर योजना अमल में नहीं लाई गई जबकि मनपा प्रशासन सिग्नल पर ग्रीन नेट लगाने में व्यस्त है।
पंचपावली पुलिस स्टेशन अंतर्गत देशी भट्टी के पीछे, छत्तीसगढ़ रेलवे लाइन पर 40 से 45 वर्ष आयु का एक अज्ञात व्यक्ति बेहोश पाया गया। पुलिस जब उसे इलाज के लिए मेयो अस्पताल ले गई तो डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।
इमामवाड़ा पुलिस स्टेशन अंतर्गत जट्टारोड़ी नंबर 1 की सीमा के भीतर, लगभग 35 से 40 वर्ष की आयु का एक अज्ञात पुरुष सोनी के घर की पिछली दीवार के पास बेहोश पाया गया। पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। हुडकेश्वर पुलिस थाना अंतर्गत अज्ञात पुरुष दिघोरी चौक उदानपुल के नीचे बेहोश पाया गया। जांच के लिए मेडिकल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। चिकित्सा परामर्श के आधार पर पंकज जाधव द्वारा हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।
वाठोडा पुलिस स्टेशन अंतर्गत 24 मई को लगभग रात 8 बजे 55 वर्ष की आयु के एक अज्ञात पुरुष का शव दिघोरी रिंग रोड स्थित आराधना बस स्टॉप के पीछे के बगीचे में मिला। शव को आगे की कार्यवाही के लिए मेडिकल अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया है।
कपिलनगर पुलिस स्टेशन की सीमा में स्थित पाटनकर चौक स्थित सरकारी भिखारी केंद्र में रहने वाले लगभग 33 वर्षीय अज्ञात पुरुष को बिगड़ती हालत के कारण मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान, 25 मई 2:45 बजे, डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।
दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा ब्रह्मपुरी
मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि ब्रह्मपुरी में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के आसपास शहर में कर्फ्यू जैसी स्थिति बन गई है और सड़कें सुनसान हैं। लू चलने के बाद विदर्भ और जिले में तापमान फिर से बढ़ गया है। हालांकि, इस साल ब्रह्मपुरी शहर के तापमान ने सबका ध्यान खींचा है। गुरुवार को यहां 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शुक्रवार का तापमान 47.2 डिग्री तक पहुंच गया। शनिवार को भी तापमान 47.1 डिग्री पर बना रहा, जबकि रविवार यह 47.2 डिग्री तक पहुंच गया। नई लू के पहले दिन सोमवार को तापमान 47.6 डिग्री के उच्च स्तर पर पहुंच गया। रविवार को चर्चा थी कि ब्रह्मपुरी दुनिया के सबसे गर्म शहरों में तीसरे स्थान पर है। हालांकि, सोमवार को ब्रह्मपुरी को देश का सबसे गर्म शहर और दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि कुछ शहरों में तापमान 45 से 46 डिग्री के बीच है, लेकिन विदर्भ के अधिकांश शहरों में अगले चार दिनों के लिए भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है। अमरावती, वर्धा और चंद्रपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अकोला, यवतमाल, नागपुर, भंडारा, गोंदिया और गढ़चिरोली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।












