विधायक ठाकरे के नेतृत्व में महावितरण कार्यालय पर प्रदर्शन
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। उपराजधानी नागपुर भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, वहीं दूसरी ओर रात के समय हो रही लगातार लोडशेडिंग ने नागरिकों की परेशानी और बढ़ा दी है। पश्चिम नागपुर में लगातार बिजली कटौती से नाराज कांग्रेस ने अब महावितरण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विधायक विकास ठाकरे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुराने काटोल नाका चौक स्थित महावितरण कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान ठाकरे ने महावितरण कर्मचारियों को दो दिनों के भीतर स्थिति सुधारने और ऐसा नहीं करने पर तीव्र आंदोलन की चेतावनी दी। नागपुर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है और भीषण गर्मी से नागरिक बेहद परेशान हैं। एक ओर राज्य सरकार का दावा है कि नागपुर जिले में 3,530 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जो आवश्यकता से चार गुना अधिक है, वहीं दूसरी ओर नागरिकों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। ऊर्जा मंत्रालय राज्य के मुख्यमंत्री और नागपुर के मूल निवासी देवेंद्र फडणवीस के पास है। महाराष्ट्र राज्य वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता को दिए निवेदन में विधायक विकास ठाकरे ने यह सवाल उठाया है कि नागपुर के ऊर्जा मंत्री होने के बावजूद नागपुर के निवासियों को बिजली कटौती की परेशानी क्यों झेलनी पड़ रही है। सोमवार को पश्चिमी नागपुर की कई कॉलोनियों में बार-बार बिजली कटौती और वोल्टेज ट्रिपिंग के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने आक्रामक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने काटोल रोड स्थित महावितरण कार्यालय का घेराव किया और अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि तत्काल निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा।
हजारों करोड़ रुपये की धनराशि पर सवालिया निशान
2009 से नागपुर के निवासियों से बिना बिजली कटौती के भी नियमित रूप से अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है। महावितरण का दावा है कि उसने पिछले दो वर्षों में शहर में 1,000 करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचा कार्य किए हैं। इन कार्यों के लिए नागपुर के निवासियों को सड़कों की खुदाई की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है और साथ ही बिजली के बढ़े हुए बिलों का भुगतान भी करना पड़ा है। कोराडी और खापरखेड़ा विद्युत परियोजनाओं से होने वाले प्रदूषण से पश्चिम नागपुर सबसे अधिक प्रभावित है। शहर के झिंगाबाई टाकली, दाभा, बोरगांव, गिट्टीखदान, सदर, छावनी, फ्रेंड्स कॉलोनी, गोरेवाड़ा, रविनगर, अंबाझरी, फुटाला और सीताबर्डी इन सभी क्षेत्रों के नागरिक दिन-रात की बिजली बाधाओं से परेशान हैं और उनमें भारी रोष व्याप्त है।











