लोकवाहिनी, एजेंसी,नई दिल्ली। लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पारित न होने को लेकर एनडीए (NDA) नेता देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला सांसदों के साथ राहुल गांधी के घर की ओर मार्च किया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया। पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए वॉटर कैनन (Water Cannon) का इस्तेमाल किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और कमलजीत सहरावत को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
महिला आरक्षण बिल लोकसभा में गिरने के विरोध में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं और महिला सांसदों ने जोरदार ‘आक्रोश मार्च’ निकाला। इस मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं, जो मोतीलाल नेहरू रोड पर इकट्ठा होकर राहुल गांधी के घर तक मार्च के लिए जुटी रहीं।
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं हाथों में तख्तियां लिए हुए थीं, जिन पर “नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने किया अपमान” और “नारी शक्ति के साथ कांग्रेस के धोखे के विरोध में मार्च” जैसे नारे लिखे थे। भाजपा महिला नेताओं ने कांग्रेस पर नारी शक्ति का अपमान करने और महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
इस विरोध मार्च में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, मथुरा से सांसद हेमा मालिनी, सांसद और महासचिव कमलजीत सहरावत, सांसद बांसुरी स्वराज, जयपुर से सांसद मंजू शर्मा, पार्षद एवं उपाध्यक्ष योगिता सिंह और उपाध्यक्ष लता गुप्ता मौके पर मौजूद रहीं।
आंध्र प्रदेश के सीएम ने किया विरोध प्रदर्शन
लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के पारित न हो पाने के विरोध में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने निदावोलु में प्रदर्शन किया। इसमें टीडीपी (TDP), जनसेना और भाजपा दलों के नेता व कार्यकर्ता भी शामिल हुए।








