देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस किए गए बरामद
फरार आरोपी की तलाश जारी, जांच में जुटी पुलिस
अमरावती शहर पुलिस की अपराध शाखा ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोपेड सहित कुल 1 लाख 56 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन उर्फ क्षितिज सुनील लोणारे (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर अपराध शाखा की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर उसे हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की मोपेड की डिक्की से एक देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और वाहन भी जब्त किया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध अनुमति के अवैध हथियार अपने पास रखे हुए था। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और इसका उपयोग किसी आपराधिक घटना में किया गया था या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।











