लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे होने पर भारत मंडपम में आयोजित एनडीए बैठक में उनका सम्मान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2014 का गरीब आज का नया मिडिल क्लास है। हम नए मिडिल क्लास को निराश नहीं होने देंगे। उसका हर तरह से विकास किया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि मेरे लिए जनता जनार्दन ईश्वर का स्वरूप है। मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं कि मुझे लंबे समय तक सेवा का अवसर प्राप्त हुआ।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने बड़ी चालाकी से इस ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ का नाम दे दिया था। खराब काम करने का तरीका कांग्रेस का, जिम्मेदारी कांग्रेस की और नाकामी की वजह भी कांग्रेस, फिर भी कलंक हिंदू आबादी पर लगाया गया।
पीएम मोदी ने कहा कि असल में इस गलत चलन का नाम ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ होना चाहिए था। इस कांग्रेस ग्रोथ रेट में न तो अच्छा शासन था, न सही नीतियां, न सच्ची नीयत और न ही कोई ठोस कदम उठाने की हिम्मत।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस के विश्वासघात के बाद लोगों ने उन पर भरोसा जताया। इसी भरोसे के बाद 2014 में आशा के सूर्य का उदय हुआ।
पीएम ने कहा कि आज एनडीए के 12 वर्षों के कार्यकाल की एक बड़ी कामयाबी यह रही है कि देश कांग्रेस की चालों के जाल से आजाद हुआ है। कांग्रेस ने देश को बेबसी, गरीबी और हीन भावना की खाई में धकेल दिया था। उस समय यह बात आम थी कि भारत में विकास की गति धीमी ही रहेगी।









