नुकसानग्रस्त किसानों को जल्द सहायता देने का आश्वासन
लोकवाहिनी संवाददाता
वाशिम। कम बारिश के कारण जिले में उत्पन्न सूखे जैसी स्थिति के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को वाशिम जिले के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कारंजा तहसील के महसला, मंगरुलपीर तहसील के मोहगव्हाण और मालेगांव तहसील के जऊलका में किसानों से सीधे संवाद किया तथा फसल एवं पानी की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नुकसानग्रस्त किसानों को सरकार की ओर से सहायता देने की भूमिका दोहराई।
पश्चिम विदर्भ, विशेषकर अमरावती संभाग में फसल और जल स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस गुरुवार सुबह सरकारी विमान से अमरावती पहुंचे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से वाशिम जिले में पहुंचे। कारंजा तहसील के महसला में मुख्यमंत्री ने किसान देविदास किशन काले के खेत में पहुंचकर नुकसानग्रस्त सोयाबीन और तुअर की फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने किसान से बातचीत कर फसल नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान किसानों ने कम बारिश के कारण उत्पन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इसके बाद मंगरुलपीर तहसील के मोहगव्हाण में किसान अनिल भगरे और अब्दुल नईम शेख रहीम के खेतों में फसलों का जायजा लिया गया। किसानों ने बताया कि बारिश की कमी के कारण सोयाबीन और तुअर सहित विभिन्न फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याएं सुनीं और स्थिति की जानकारी ली।
किसानों ने मुख्यमंत्री का रोका काफिला
महसला गांव में किसानों ने मुख्यमंत्री का काफिला रोककर संपूर्ण सूखा घोषित करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। किसानों की नाराजगी को देखते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस वाहन से बाहर आए और किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सूखे जैसी स्थिति में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्रभावित किसानों को पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही कर्जमाफी की सूची से वंचित रह गए किसानों को भी कर्जमाफी का लाभ देने के निर्देश दिए गए हैं।
किसान निराश न हों, सरकार उनके साथ
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कम बारिश के कारण किसानों के सामने बड़ा संकट पैदा हुआ है, लेकिन किसानों को निराश नहीं होना चाहिए। सरकार उनके साथ है और नुकसानग्रस्त किसानों को अधिक से अधिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आवश्यक अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी। मालेगांव तहसील के जऊलका में मुख्यमंत्री ने किसान संतोष सखाराम डुंबले के खेत की मेड़ पर पहुंचकर फसल स्थिति का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद किया। संतोष डुंबले की मां शकुंतलाबाई ने भी सूखे जैसी स्थिति के कारण किसानों को हो रही परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
पेयजल और चारे की उपलब्धता पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कम बारिश के कारण संकट में आए किसानों को राहत दी जाएगी। फसल नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता प्राथमिकता के आधार पर जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ है। आने वाले समय में पेयजल की कमी न हो, इसके लिए आवश्यक नियोजन करने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे। किसानों तक सरकारी सहायता सीधे पहुंचाने के लिए जल्द कार्रवाई शुरू करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
इस अवसर पर सांसद संजय देशमुख, सांसद अनुप धोत्रे, विधायक बाबूंसिंह महाराज, विधायक साईंबाई डहाके, विधायक अमित झनक, विधायक श्याम खोड़े, विधायक रणधीर सावरकर, विधायक भावना गवली, जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्पित चव्हाण सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और किसान उपस्थित थे।













