प्रजापति चौक फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, चालक गिरफ्तार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। प्रजापति चौक फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कचरा संकलन वाहन के चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान कावरापेठ निवासी प्रणय दिलीप बडगे (24) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक आर्य धर्मेश राठौड़ (24) है।
दोनों मित्र बुधवार को उमरेड रोड स्थित कुही के साई फार्महाउस में अपने मित्र सुजल होमने के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच दोनों अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खरबी मार्ग से प्रजापति चौक फ्लाईओवर की ओर जाते समय सामने से आ रहे घरेलू कचरा संकलन वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रणय बडगे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आर्य राठौड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत मदद करते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नंदनवन पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी चालक मनोज अमरनाथ उईके (56) को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।












