केरलम में मुख्यमंत्री उम्मीदवार पर सस्पेंस
लोकवाहिनी, संवाददाता:कोच्चि। केरलम में चुनाव के नतीजों को आए 6 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों की मानें तो केरलम में मुख्यमंत्री पद के लिए राहुल गांधी की पहली पसंद केसी वेणुगोपाल हैं, जो अलाप्पुझा लोकसभा सीट से पार्टी के सांसद हैं।
फिलहाल तीन कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री पद के दावेदार बनकर उभरे हैं। ये हैं- वीडी सतीशन, रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल। कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को बंपर जीत मिली है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अगला मुख्यमंत्री चुनने को लेकर है। पार्टी को शानदार बहुमत मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री के चेहरे पर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है और पार्टी के अंदर खींचतान खुलकर सामने आ गई है। मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी केरल में मुख्यमंत्री पद के लिए अपने भरोसेमंद नेता और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल को आगे कर रहे हैं।
वेणुगोपाल अलाप्पुझा लोकसभा सीट से सांसद भी हैं और संगठन में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। अब अगले दो दिन तक पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को केसी वेणुगोपाल को सीएम पद के लिए समर्थन देने के लिए मनाएगी। खबरों के अनुसार, दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक से पहले, राहुल गांधी ने केसी वेणुगोपाल के साथ अलग से मीटिंग की थी। उन्होंने बताया कि वेणुगोपाल के खिलाफ कथित तौर पर एक अन्य प्रभावशाली पार्टी नेता वीडी सतीशन की मदद से मजाक उड़ाने वाले पोस्टर लगाए गए थे। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में किसी एक नाम पर सहमति न बनने पर फैसला दिल्ली में हाईकमान पर छोड़ दिया गया है। मुरलीधरन ने कहा है कि अगले 24 घंटे में पार्टी हाईकमान मुख्यमंत्री पद को लेकर अपना फैसला दे देगा। वैसे पार्टी दिखाने की कोशिश कर रही है कि केरलम में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई खींचतान नहीं है और पार्टी एकजुट है। कांग्रेस की दीर्घकालिक राजनीति और केरलम में संगठन की मजबूती बनाए रखने की कसौटी के आधार पर पार्टी हाईकमान मुख्यमंत्री के नाम का फैसला करेगा।









