नई दिल्ली। सरकार ने पश्चिम एशिया संकट के कारण विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ रहे दबाव के बीच गैर-आवश्यक आयात पर रोक लगाने के लिए सोना और चांदी पर आयात शुल्क बुधवार को बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया। सोना और चांदी पर आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है जबकि प्लेटिनम पर इसे 6.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 15.4 प्रतिशत किया गया है। यह 13 मई से प्रभावी माना जाएगा। इसके परिणामस्वरूप सोने/चांदी के डोरे, सिक्के, अन्य वस्तुएं आदि पर भी कर में बदलाव किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद एवं विदेश यात्रा को स्थगित करने जैसे उपायों के आह्वान के बाद यह अधिसूचना जारी की गई है। भारत, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोने का उपभोक्ता है। यहां आयात मुख्य रूप से आभूषण उद्योग द्वारा संचालित होता है। ऐसे आयात में विदेशी मुद्रा का काफी इस्तेमाल होता है। सूत्रों ने कहा कि इस कदम से ” बाहरी दबाव के समय गैर आवश्यक आयातों में संतुलित कमी से समग्र व्यापक आर्थिक स्थिरता और बाह्य क्षेत्र के विवेकपूर्ण प्रबंधन में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। (पेज 6 पर)












