लोकवाहिनी संवाददाता:बुलढाणा। जिले के जलगांव जामोद तहसील अंतर्गत राजुरा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार 25 मई की सुबह करीब 10 बजे एक व्यक्ति ने अपने चार मासूम बच्चों को कुएं में धक्का देने के बाद स्वयं भी कुएं में कूदकर जान दे दी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृतक की पहचान विजय मुसा किराडिया निवासी भाले अंजन गांव के रूप में हुई है। इस घटना में उनके चार बच्चों प्रीत विजय किराडिया (7), प्राची विजय किराडिया (5), पूर्वी विजय किराडिया (4) और पीयूष विजय किराडिया (2) की भी मौत हो गई। सभी बच्चे नाबालिग बताए जा रहे हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी कुछ दिन पहले घरेलू विवाद के चलते मायके चली गई थी, जिसके बाद परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन विजय किराडिया अपनी पत्नी को मायके छोड़कर घर लौटा था। इसी दौरान घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गुस्से और मानसिक तनाव में यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस के मुताबिक, पहले उसने अपने चारों बच्चों को राजुरा धरण क्षेत्र स्थित एक कुएं में धक्का दिया और बाद में स्वयं भी कुएं में छलांग लगा दी।
किसान की नजर पड़ते ही खुला मामला
घटना के कुछ समय बाद खेत मालिक वहां पहुंचे तो उन्हें कुएं के पास मोबाइल फोन, चप्पल और टूटी हुई रस्सी दिखाई दी। शक होने पर जब उन्होंने कुएं में देखा तो घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जलगांव जामोद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद पांचों शवों को कुएं से बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद राजुरा और भाले अंजन क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है और लोग गहरे सदमे में हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घरेलू विवाद, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।












