चार दिन पहले मौत होने की संभावना, वाड़ी क्षेत्र में सनसनीखेज घटना
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। वाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत डवलामेटी स्थित म्हाडा कॉलोनी में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बंद घर के अंदर एक बुजुर्ग दंपति के शव मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। घर से आ रही तेज दुर्गंध के कारण घटना का पता चला। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, दोनों की मृत्यु चार दिन या उससे अधिक समय पहले हुई होगी। मृतकों में गंगाधर जनबाजी भोंगाड़े (75) और उनकी पत्नी कौशल्या भोंगाड़े (70) का समावेश है। यह दंपति पिछले 12 वर्षों से म्हाडा कॉलोनी में अकेले रह रहे थे। गंगाधर भोंगाड़े आयुध निर्माणी, अंबाझरी के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और पेंशन पर जीवन यापन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से बीमार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह उनका दामाद मटन लेकर घर आया था। उस समय घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और कंपाउंड गेट पर भी ताला लगा हुआ था। इसी दौरान उन्हें घर से तेज दुर्गंध आई। शक होने पर वे घर के नजदीक गए, लेकिन दुर्गंध इतनी तेज थी कि वे तुरंत बाहर आ गए और पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने वाड़ी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसीपी सतीश गुरव, पीआई राजेश तटकरे और पुलिस की टीम सुबह 10:30 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा किया और फॉरेंसिक विभाग की टीम को बुलाया।
जांच के दौरान गंगाधर भोंगाड़े का शव घर की रसोई में मिला, जबकि उनकी पत्नी कौशल्या भोंगाड़े का शव शयनकक्ष में मिला। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, घर में रेडियो लगातार बज रहा था और पिछले तीन-चार दिनों के अखबार दरवाजे पर पड़े हुए थे। ऐसे में माना जा रहा है कि दंपति की मृत्यु कुछ दिन पहले हुई हो। एक ही घर में बुजुर्ग दंपति के शव मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं छिड़ गई हैं। कुछ निवासियों ने हत्या की आशंका जताई है, वहीं उनकी उम्र और बीमारी को देखते हुए प्राकृतिक मृत्यु की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वाड़ी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दंपति की मौत का असली कारण पता चलेगा।













