लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग ने समृद्धि महामार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लाख 57 हजार रुपये मूल्य का एमडी ड्रग्स जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शकील अहमद अब्दुल खालिद (35) निवासी मोमिनपुरा और सैयद शहबाज कुरैशी (20) निवासी कसाबपुरा, बिनाकीगंज के रूप में हुई है। शकील मोमिनपुरा में सैलून संचालित करता है, जबकि शहबाज एक मटन शॉप में काम करता है। दोनों आपस में मित्र हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी मुंबई से बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स लेकर नागपुर आने वाले हैं और समृद्धि महामार्ग के हिंगणा टोल प्लाजा क्षेत्र में पहुंचेंगे। सूचना के आधार पर सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार सुबह जाल बिछाया। करीब 11 बजे दोनों आरोपी कार से टोल प्लाजा के पास पहुंचे और वाहन बदलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने छापा मारकर उन्हें हिरासत में ले लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान 113.190 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। साथ ही आरोपियों के पास से नकद राशि, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। कुल मिलाकर 11 लाख 57 हजार 400 रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शकील अहमद के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी का मामला दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद उसने मुंबई के कला क्षेत्र में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट से संपर्क बनाकर नागपुर में एमडी की आपूर्ति जारी रखी थी।
फिलहाल हिंगणा पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।











