विदर्भ में बना रहेगा तापमान, नागपुर @44
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। मौसम विभाग की बार-बार की जाने वाली भविष्यवाणी थोथा चना बाजे घना साबित हो रही है। जून के 10 दिनों बाद विदर्भ में बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं तो दूसरी ओर तापमान फिर बढ़ने लगा है। 11 जून को नागपुर का तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर फसल बुआई के लिए आसमान की तरफ टकटकी लगाए बैठे किसान हलाकान हो चुके हैं। मानसून की देरी के कारण किसान आसमान की ओर ताक रहे हैं, वहीं हर शाम बारिश जैसा मौसम बनता है पर मौसम में परिवर्तन हो जाता है जिससे किसानों की सांसे ऊपर-नीचे होने लगी हैं। उपराजधानी नागपुर सहित पूरा विदर्भ बारिश का इंतजार कर रहा है। एक तरफ जहां मानसून पूर्व बारिश नहीं हो रही है, वहीं दूसरी तरफ बढ़ते तापमान सहित उमस से नागरिक परेशान हो रहे हैं। गुरुवार को विदर्भ के अधिकतर जिलों का तापमान 40 डिग्री के ऊपर चला गया। मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ वर्धा सबसे गर्म जिला रहा। वहीं उपराजधानी नागपुर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में इसी तरह का तापमान बना रहेगा। बारिश कब आएगी? यह सवाल लगातार हर विदर्भवासी पूछ रहा है। एक तरफ जहां तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, वहीं दूसरी तरफ चिपचिपाती गर्मी और उमस से नागरिक त्रस्त हो चुके हैं। आमतौर पर विदर्भ में मानसून 15 जून के आसपास पहुँचता है। लेकिन बारिश के पहले प्री-मानसून बारिश शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार स्थिति पूरी तरह बदली हुई है। एक तरफ न बारिश आ रही और न ही तापमान में गिरावट हो रही है। आसमान में बादल तो छाए दिखाई देते हैं, लेकिन बरसते नहीं। कहीं छींटे जरूर पड़ रहे हैं, लेकिन वो राहत देने के बजाय तकलीफ बढ़ा रहे हैं।
बारिश नहीं होने और लगातार सूरज तपने के कारण विदर्भ के सभी जिलों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को मौसम विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, विदर्भ के अधिकतर जिलों का तापमान एक बार फिर 44 डिग्री के ऊपर चला गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्धा 44.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा। इसी के बाद नागपुर 44 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं अकोला जिले का तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश की आस में किसानों ने की बुआई
विदर्भ में बादलों ने मुँह मोड़ रखा है। बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। सीएम से लेकर प्रशासन ने किसानों से अपील की थी कि अच्छी बारिश होने के बाद ही बुआई करें, परन्तु तपती धूप के बीच विदर्भ के कई किसानों ने बुआई कर दी है जिससे आगामी कुछ दिनों में अगर बारिश नहीं आती है तो किसानों को भरी नुकसान उठाना पड़ सकता है।












