500 रुपये की रिश्वत लेते हुए कार्रवाई
मोटर वाहन निरीक्षक समेत दो आरोपी एसीबी के शिकंजे में
नागपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) ने खुरसापार चेकपोस्ट पर सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में मोटर वाहन निरीक्षक साजन शेंडे और एक निजी व्यक्ति प्रवीण गायधने को रिश्वतखोरी के मामले में आरोपी बनाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता एक ट्रक चालक एवं मालिक है। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि खुरसापार चेकपोस्ट से वाहन पार कराने के लिए उससे पहले भी रिश्वत ली गई थी। दोबारा उसी मार्ग से गुजरने के दौरान फिर से रिश्वत मांगे जाने की आशंका के चलते उसने एसीबी से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले की गोपनीय जांच और सत्यापन किया।
जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि वाहन को प्रवेश देने के लिए 500 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। सत्यापन कार्रवाई के दौरान आरोपी मोटर वाहन निरीक्षक की ओर से एक निजी व्यक्ति के माध्यम से रिश्वत की राशि स्वीकार की गई। इसके बाद एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी लोकसेवक के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, केळवद पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7ए और 12 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में रिश्वत मांगने या लेने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
=========










