मुस्लिम लीग के 6 व एआईएमआईएम के 4 पार्षद रहे तटस्थ
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। विधानपरिषद की नागपुर स्थानीय निकाय संस्था सीट के उपचुनाव के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान हुआ। जिले के 14 मतदान केंद्रों पर कुल 836 मतदाताओं में से 823 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह चुनाव में 98.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, नागपुर शहर क्षेत्र के 11 तथा उमरेड और कामठी क्षेत्र के एक-एक सदस्य सहित कुल 13 मतदाता मतदान से अनुपस्थित रहे। इनमें नागपुर मनपा के मुस्लिम लीग के 6 व एआईएमआईएम के 4 नगरसेवकों का समावेश है। दोनों दल तटस्थ रहे।
चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने विशेष रणनीति बनाई थी। दोनों दलों के नगरसेवक अलग-अलग बसों से तहसील कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ शहर अध्यक्ष भी मौजूद रहे। मतदान के दौरान भाजपा खेमे में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भाजपा नेताओं ने अपने प्रत्याशी डॉ. राजीव पोतदार की बड़े अंतर से जीत का दावा किया और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते नजर आए। वहीं दूसरी ओर, मतदान के बीच कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। कांग्रेस के चुनाव निरीक्षक बनाए गए नितिन राउत के मतदान केंद्र पर मौजूद नहीं रहने से पार्टी के कई नगरसेवकों में नाराजगी दिखाई दी।
कुछ कांग्रेस नेताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए केंद्रीय नेतृत्व से शिकायत करने की बात भी कही। नागपुर से भाजपा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. राजीव पोतदार और कांग्रेस ने अपने प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल को प्रत्याशी घोषित किया है। इस चुनाव में नागपुर जिले के 823 नगरसेवक मतदान किया। जिनमें महायुति के पास 569 और महाविकास अघाड़ी के पास 211 नगरसेवक हैं। संख्या बल को देखते भाजपा उम्मीदवार की जीत निश्चित बताई जा रही हैं। नागपुर जिले में नागपुर शहर, कामठी, रामटेक, काटोल, कलमेश्वर, सावनेर, उमरेड, बुटीबोरी, वानाडोंगरी और अन्य स्थानीय प्राधिकरण क्षेत्रों सहित विभिन्न तहसील कार्यालयों और नगर परिषद स्थलों पर स्थापित 14 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया। वोटों की गिनती 22 जून को होगी।












