मर्चंट कॉइन के लालच में 26 निवेशकों को चूना, दो गिरफ्तार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। फ्री कॉइन और मर्चंट कॉइन के माध्यम से अधिक मुनाफे का लालच देकर 26 निवेशकों को ठगने वाले गिरोह का आर्थिक अपराध शाखा ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में नागपुर और चंडीगढ़ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि शुरुआती मामला 5.40 लाख रुपये का था, लेकिन जांच में यह ठगी करोड़ों रुपये की निकली। इस कंपनी से देशभर में 31,117 निवेशक जुड़े थे, जिनसे करीब 15 करोड़ 58 लाख 65 हजार रुपये वसूल किए गए। पुलिस ने आरोपियों के 5 बैंक खातों में जमा 2 करोड़ 10 लाख रुपये फ्रीज कर दिए हैं। दोनों आरोपियों को 22 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
ऐसे फंसाया गया निवेशकों को: रीमा रंजन घोष (50) निवासी रामनगर, पांढरबोडी, एलआईटी रोड ने पांचपावली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनके घर काम करने वाली काजल दीक्षित ने बताया कि उसके पति डिजिटल निवेश के क्षेत्र में काम करते हैं। इसके बाद रीमा ने मिहुल शिवाजी दीक्षित (46) से उनके पांचपावली स्थित रजत टॉवर कार्यालय में मुलाकात की। मिहुल ने उन्हें सीएलबीपी सिस्टम प्रा. लिमिटेड कलेक्शन कंपनी की फ्यूचर डिजिटल एसेट योजना के बारे में बताया और निवेश के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उसने कंपनी के निदेशक राकेशकुमार मोहनलाल गर्ग उर्फ राकेश अग्रवाल (48) निवासी चंडीगढ़, पंजाब से भी रीमा की बात कराई।
इस तरह दिया जाता था लालच: आरोपियों ने शुरू में फ्री कॉइन योजना में 5 हजार रुपये निवेश करने पर 100 दिनों में 12 हजार 500 रुपये मिलने का दावा किया। साथ ही, मर्चंट कॉइन में निवेश करने पर लाखों रुपये का रिटर्न मिलने का झांसा दिया गया। इस झांसे में आकर रीमा ने खुद और 25 अन्य लोगों से पैसे इकट्ठे कर कंपनी के खाते में भेज दिए। लेकिन न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस आई। इसके बाद रीमा ने पांचपावली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आर्थिक अपराध शाखा का एक्शन: शिकायत मिलते ही आर्थिक अपराध शाखा के उपायुक्त दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में जांच शुरू हुई। जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए और टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।












