कोलकाता से अगरतला जा रहा था प्लेन
नई दिल्ली। शुक्रवार को आंधी-तूफान के चलते कोलकाता हवाई अड्डे पर खड़े एक इंडिगो विमान पर बिजली गिर गई। भारतीय विमानन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि घटना तब हुई जब इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) एयरोब्रिज 56L पर खड़ी थी। एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (एओसीसी) ने पहले ही मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था, क्योंकि इलाके में आंधी-तूफान और भारी बारिश हो रही थी।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर विमान में सवार सभी 141 यात्री और 6 क्रू सदस्यों को उतार लिया गया। बाद में उन्हें दूसरे विमान वीटी-आईसीडी में बिठाया गया, जिसने अगरतला के लिए उड़ान भरी। इंडिगो के अनुसार, बिजली गिरने से रनवे पर काम करने वाले दो कर्मचारी को मामूली चोटें आई हैं उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता और उसके आस-पास के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलजमाव हो गया है और ट्रैफिक की समस्या आ रही है।











