बचने के लिए बाथरूम में छिपे, छत से लगाई छलांग : घटना को लेकर जांच के आदेश
लोकवाहिनी, संवाददाता
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक बेहद ही दर्दनाक घटना घटी है। लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में लपटें विकराल हो गई। आसपास के लोगों ने सूचना दमकल को दी। हादसे में अब तक 14 छात्रों की जिंदा जलने से मौत हो गई है। वहीं कई विद्यार्थी घायल बताए जा रहे हैं। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। एक बच्चे ने पहले फ्लोर से कूद कर जान बचाई। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि कई लोग इमारत से बाहर निकलने के लिए छज्जों और अन्य हिस्सों का सहारा लेते नजर आए। इस भयानक अग्निकांड की त्रासदी और इसमें जान गंवाने वाले मासूमों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बेहद भावुक हो गए। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि अब तक 13 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर और दुखद घटना है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इमारत के अंदर काफी धुआं भरा हुआ है, जिससे बचाव कार्य में कठिनाई हो रही है। भवन के हर हिस्से और हर कमरे की जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा न रह जाए। उन्होंने कहा कि इमारत में बड़ी मात्रा में लकड़ी का फर्नीचर था, जिसके जलने से घना धुआं फैल गया और कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर मौजूद है।
दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में जान गंवाने वालों के दुखी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने आगे कहा कि आग में घायल हुए लोगों को सबसे अच्छा मेडिकल इलाज दिया जाए। सीएम योगी ने डीजीपीएस व एसीएस गृह को मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा दी जाएगी। दोषियों को सजा देकर पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें।
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। उन्होंने कहा कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।












