ट्रांस हार्बर रेल मार्ग पर यातायात ठप, निचले इलाकों में जल जमाव, ट्रेन सेवाएं प्रभावित
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। मुंबई में मंगलवार को मानसून की आवक के बाद रातभर हुई भारी बारिश के कारण बुधवार सुबह उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुई, निचले इलाकों में पानी भर गया और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुंबई में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के अलग-अलग इलाकों में जलभराव हो गया। भारी बारिश का असर अब यातायात व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। ट्रांस हार्बर रेल मार्ग पर मंगलवार रात से रेल यातायात प्रभावित हुआ, जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोपरखैरणे और तुर्भे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह जाने के कारण दोनों दिशाओं में चलने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया। भारी बारिश के कारण पटरियों के नीचे का हिस्सा कमजोर हो गया था, जिसे देखते हुए रेल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस रूट पर ट्रेन संचालन पूरी तरह बंद कर दिया। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करें। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में महानगर के कुछ हिस्सों में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि महापौर रितु तावड़े बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कर्मियों के साथ किंग्स सर्कल के गांधी मार्केट में जलभराव का निरीक्षण कर रही थीं, तभी बीएमसी का एक सुपरवाइजर खुले नाले में गिर गया, लेकिन उसे तुरंत बचा लिया गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। इस इलाके में हुए जलभराव के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
महापौर तावड़े और पूर्व महापौर ने कुछ इलाकों का किया दौरा
बीएमसी की आयुक्त अश्विनी भिडे ने लोगों से मौसम संबंधी परामर्श मानने और आपातकालीन स्थिति में नागरिक नियंत्रण कक्षों से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है क्योंकि भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। महापौर तावड़े और पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने जमीनी हालात और जलभराव का जायजा लेने के लिए कुछ इलाकों का दौरा किया। आईएमडी ने मुंबई और उसके आस-पास ठाणे और पालघर जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली कड़कने व तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भविष्यवाणी की है। बीएमसी के मुताबिक बुधवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान कोलाबा स्थित शहर की वेधशाला में 248 मिमी और सांताक्रूज़ स्थित उपनगरीय वेधशाला में 225 मिमी बारिश दर्ज की गई। उसने बताया कि पश्चिमी उपनगरों के मालवणी में 340 मिमी और मध्य मुंबई के परेल में इस दौरान 334 मिमी बारिश दर्ज की गई। बीएमसी ने बताया कि बाद में बारिश की तीव्रता में कमी आई और सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे के बीच मुंबई, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 13 मिमी, छह मिमी और सात मिमी बारिश दर्ज की गई।
कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने बीएमसी कर्मी के नाले में गिरने का वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए महापौर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘यह व्यक्ति आपकी निष्क्रियता और भ्रष्टाचार के गड्ढे में गिर गया है। यह कोई दुर्घटना नहीं है, आपका भ्रष्टाचार रंगे हाथों पकड़ा गया है।’’ सत्तारूढ़ शिवसेना की विधान परिषद सदस्य मनीषा कायंदे ने मुंबई की महापौर रितु तावड़े से नालों की अच्छी तरह सफाई करने और उनमें से सूखा कचरा हटाने के प्रयास तेज करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव और यातायात संबंधी बाधाओं को रोकने के लिए ये कदम उठाना बेहद जरूरी हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में शामिल शिवसेना की नेता कायंदे ने यह भी कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए और लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने विधान भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह राजनीति का नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं के समाधान का विषय है।’’












