सम्मान : पहली बार सरकार ने बताई पहचान, वॉर मेमोरियल वेबसाइट पर नाम
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर में शहीद होने वाले 6 जांबाज सैनिकों के नाम पहली बार जारी हुए हैं। इन नामों का उल्लेख राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट पर किया गया है। देश के लिए बलिदान देने वालों में सूबेदार मेजर पवन कुमार (हेडक्वार्टर 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड), राइफलमैन सुनील कुमार (चौथी बटालियन, जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री, वीर चक्र से सम्मानित), लांस नायक दिनेश कुमार (5 फील्ड रेजिमेंट), अग्निवीर मुरली नाइक (851 लाइट रेजिमेंट), हवलदार सुनील कुमार सिंह (237 फील्ड वर्कशॉप) और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (39 विंग, भारतीय वायु सेना) शामिल हैं।
भारतीय वायु सेना की ओर से शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर में वायुसेना ने पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। इसमें तीनों सेनाओं के जवान शामिल थे। भारत के सटीक और प्रचंड प्रहार से 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे। आतंकियों के मारे जाने से बौखलाए पाकिस्तान ने गोलीबारी की थी। जिसका जवाब देते हुए सेना के 6 जवान शहीद हुए थे। अब नाम जारी करने को विशेषज्ञ सकारात्मक कदम मान रहे हैं। इससे परिवारों को न्याय मिला है। देश के लोग अपने शहीदों को सलाम कर सकते हैं।
ये छह जवान देश की रक्षा करते हुए अपनी जान न्योछावर कर गए। सूबेदार मेजर पवन कुमार जैसे अनुभवी जवान ब्रिगेड की अगुवाई करते थे। राइफलमैन सुनील कुमार जैसे युवा सिपाही सीमा पर तैनात थे। एविएशन टेक्नीशियन और सार्जेंट जैसे एयर वारियर्स ने हवाई समर्थन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हर शहीद के परिवार में अब दर्द है, लेकिन गर्व भी है। पूरे देश को इन वीरों पर गर्व है। इनके बलिदान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय सशस्त्र बल आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर अडिग हैं। बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। इनमें एक नेपाली नागरिक भी था। आतंकी हमले में पर्यटकों को बचाने की कोशिश करते हुए एक कश्मीरी खच्चर चालक भी मारा गया था। इस कायरना हमले के बाद भारत ने बेगुनाहों के खून का बदला लेने की कसम खाई और कुछ ही दिन बाद ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया गया।












