नागपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए गरोशेठ पुलिस थाने में पदस्थ एक हेड कांस्टेबल को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आशीष निकोडे (47) के रूप में हुई है। वह चार्जशीट की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता स्वयं पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। चुनाव ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उन्होंने बीमा क्लेम के लिए न्यायालय में दावा प्रस्तुत किया था। इसके लिए उन्हें दुर्घटना से संबंधित मामले की चार्जशीट की प्रमाणित प्रति की आवश्यकता थी। मामले की जांच हेड कांस्टेबल आशीष निकोडे के पास थी। आरोप है कि निकोडे ने चार्जशीट की प्रति उपलब्ध कराने के एवज में पहले 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने बुधवार को जाल बिछाया। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पहले हफ्ते के रूप में 3 हजार रुपये स्वीकार किए। रिश्वत की राशि लेते ही एसीबी की टीम ने उसे बस स्टैंड परिसर में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।












