खामेनेई के जनाजे में शामिल ईरानी नेताओं पर बोले ट्रंप
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम को लेकर चेतावनी देते हुए कहा है कि ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में देश के शीर्ष नेता एक ही जगह मौजूद हैं और अमेरिका चाहे तो उन्हें एक ही शॉट में खत्म कर सकता है। हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ऐसा नहीं करेगा, क्योंकि वह बातचीत चाहते हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी न्यूज वेबसाइट को दिए साक्षात्कार में कहा, वे सभी वहां मौजूद हैं। एक ही शॉट में हम उन सभी को खत्म कर सकते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि फिर बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा। वे समझौता करने के लिए बेताब हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने तक दोनों पक्षों ने बातचीत से एक सप्ताह का विराम लेने का फैसला किया है और इस दौरान कोई भी पक्ष हमला नहीं करेगा। बड़बोले ट्रंप ने खामेनेई के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और नेताओं के भावुक होने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, मैं यह देखकर हैरान हूं कि लोग रो रहे हैं।













