नीट-यूजी लीक मामले में मोबाइल से मिले सवाल, सीबीआई का नया खुलासा
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को दांव पर लगाने वाले बहुचर्चित नीट-यूजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अदालत में एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज खुलासा किया है। महाराष्ट्र कनेक्शन की जांच के दौरान लातूर के एक नामी कोचिंग क्लास संचालक शिवराज मोटगावकर के मोबाइल फोन से सीबीआई को हाथ से लिखे हुए 136 सवालों की एक सूची मिली थी। जांच में सामने आया कि इनमें से 111 सवाल नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की मास्टर प्रश्नपत्रिका से हूबहू मेल खाते थे।
सीबीआई के इस नए खुलासे से अब नीट पेपर लीक होने के दावे को बड़ा कानूनी आधार मिल गया है। शिवराज मोटगावकर लातूर में ‘रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस’ के नाम से प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान चलाता था। साथ ही, ‘मोटगावकर सर आरसीसी’ नाम से उसका एक यूट्यूब चैनल भी है, जिसके 1.6 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। सीबीआई द्वारा अदालत में दी गई जानकारी के अनुसार, नीट-यूजी की मुख्य परीक्षा 3 मई को होने वाली थी। लेकिन आरोपी शिवराज मोटगावकर को लीक हुए सवाल पूरे 10 दिन पहले, यानी 23 अप्रैल को ही मिल गए थे। सीबीआई का आरोप है कि ये सवाल उसे लातूर के डॉक्टर मनोज शिरूर और एनटीए के पूर्व सदस्य तथा केमिस्ट्री के लेक्चरर वी.पी. कुलकर्णी के माध्यम से मिले थे। मोटगावकर की जमानत याचिका का विरोध करते हुए सीबीआई ने अदालत के सामने यह सबूत पेश किया है। मुख्य आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।













