केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सोनम वांगचुक का अनशन खत्म कराने की मांग
लोकवाहिनी, संवाददाता
गढ़चिरोली। देशभर में चर्चा का विषय बने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की गूंज अब गढ़चिरोली तक पहुंच गई है। शुक्रवार को शहर के इंदिरा चौक में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने तथा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन का सम्मानपूर्वक समाधान निकालने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस गंभीर मामले को लेकर संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 20 जुलाई तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, छात्र और नागरिक प्रदर्शन में शामिल हुए और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारत के राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन गढ़चिरोली के थाना प्रभारी विनोद चव्हाण को सौंपा। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रदर्शन में अखिल भारतीय रिपब्लिकन पार्टी के रोहिदास राऊत, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डॉ. महेश कोपुलवार, बीआरएसपी के मिलिंद बांबोले, रिपब्लिकन पार्टी के हंसराज उंदीरवाडे, देवराव चवले, संविधान फाउंडेशन के गौतम मेश्राम सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी, छात्र एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
वांगचुक के समर्थन में मानोरा में 20 को शांति रैली
मानोरा (वाशिम)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में चल रहे आंदोलन के समर्थन में वाशिम जिले के मानोरा में 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को शांतिपूर्ण समर्थन रैली निकाली जाएगी। इस रैली का आयोजन ‘विद्यार्थी एकता’ संगठन द्वारा किया जा रहा है। रैली के आयोजन और ध्वनि विस्तारक (साउंड सिस्टम) के उपयोग की अनुमति के लिए संगठन ने 17 जुलाई को मानोरा पुलिस थाने की प्रभारी अधिकारी नैना पोहेकर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के अनुसार, रैली सोमवार सुबह 11 बजे पंचायत समिति कार्यालय से शुरू होकर तहसील कार्यालय तक निकाली जाएगी। रैली के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए साउंड सिस्टम का उपयोग किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन से आवश्यक अनुमति देने का अनुरोध किया गया है।
संगठन ने आश्वासन दिया है कि ध्वनि विस्तारक का उपयोग शासन के नियमों और पुलिस प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किया जाएगा। साथ ही, रैली के दौरान कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने का पूरा ध्यान रखा जाएगा। ज्ञापन पर विजय पाटील, प्रकाश राठौड़, सुनील राठौड़, गोपाल चव्हाण, श्याम पवार, गजानन सोनटक्के, मस्तोविन शेख, प्रफुल इंगोले, सुशांत खडसे, अक्षय अंधारे, आवेश समितिया, किसन वायले, चेतन पवार, नितीन चगल और महेश राठौड़ सहित कई कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं। दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में आयोजित इस स्थानीय रैली को लेकर मानोरा क्षेत्र में उत्सुकता बनी हुई है।













