दो गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ नागपुर पुलिस ने लगातार दो बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लिया गया है। दोनों मामलों में करीब 85 ग्राम एमडी पाउडर, मोबाइल फोन, नकदी और दोपहिया वाहन सहित करीब 11.52 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पहली कार्रवाई 5 अगस्त की रात इममवाड़ा थाना क्षेत्र के सिरसपेठ स्थित नागपुर भवन के पीछे नाले के पास की गई। अपराध शाखा यूनिट-4 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर लक्की रामदास मनपिया (22) निवासी स्वीपर कॉलोनी, सिरसपेठ को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 70 ग्राम 110 मिलीग्राम एमडी पाउडर, तीन मोबाइल फोन, 6 हजार रुपये नकद और एक मोपेड बरामद की गई। जब्त किए गए मुद्देमाल की कीमत करीब 8.72 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में लक्की ने खुलासा किया कि उसने यह मादक पदार्थ कोतवाली निवासी बॉबी मलिक से बिक्री के लिए लिया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
वहीं दूसरी कार्रवाई 6 अगस्त की तड़के अपराध शाखा के मादक पदार्थ विरोधी पथक ने लकड़गंज थाना क्षेत्र में की। गैलेक्सी जिम के पास सीमेंट रोड पर बिना नंबर की बर्गमैन मोपेड पर घूम रहे मोहम्मद सोहेल अब्दुल गफ्फार शेख (29), निवासी महाल को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 15 ग्राम एमडी पाउडर, एक मोबाइल फोन और बर्गमैन मोपेड बरामद हुई। जब्त माल की कीमत करीब 2.80 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में सोहेल ने बताया कि उसने यह मादक पदार्थ मोहम्मद नौशाद इमरान मलिक, निवासी दीपक नगर, भांडेवाड़ी से बिक्री के लिए लिया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब एमडी पाउडर की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।













