प्रभारी चन्द्रशेखर बावनकुले-सुधीर मुनगंटीवार महायुति संयोजक
नागपुर। भाजपा ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावों के लिए संगठनात्मक तैयारियों में तेजी लाते हुए भाजपा-महायुति के उम्मीदवार सुधाकर कोहले के नामांकन के बाद, प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने चुनाव प्रबंधन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राजस्व मंत्री चंद्रशेकर बावनकुले को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि वरिष्ठ विधायक सुधीर मुनगंटीवार को महायुति समन्वयक बनाया गया है। राज्य मंत्री पंकज भोयर और विधायक डॉ. परिणय फुके को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विधायक प्रवीण दटके चुनाव प्रमुख होंगे। सुधीर दिवे को नागपुर ग्रामीण, वर्धा, चंद्रपुर शहर और ग्रामीण, गडचिरोली, भंडारा और गोंदिया क्षेत्रों के लिए सह-प्रमुख नियुक्त किया गया है। गिरीश देशमुख को नागपुर शहर के सह-प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा स्नातक मतदाताओं से संपर्क साधने, मतदाताओं को संगठित करने और बूथ स्तर पर योजना बनाने पर ध्यान केंद्रित करेगी। इन नियुक्तियों से चुनाव तैयारियों को संगठनात्मक मजबूती मिलेगी और महायुति के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना बनाई गई है।












